जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 30 अप्रैल तक संचालित होगा - जिलाधिकारी।।

Mar 31, 2024 - 06:48
 0  45
जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 30 अप्रैल तक संचालित होगा - जिलाधिकारी।।
नीतेश कुमार संवाददाता कुमकुम, उरई/जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 01 से 30 अप्रैल 2024 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल 2024 के मध्य दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी व विषाणु जनित रोगों के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुडे़ मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अन्तर्विभागीय समन्वय से युद्धस्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में 01 से 30 अप्रैल 2024 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 01 अप्रैल से पहले संचारी रोग नियंत्रण के सम्बन्ध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। साप्ताहिक बन्दी के दौरान स्वच्छता, सैनिटाइजेशन तथा फाॅगिंग का विशेष कार्यक्रम संचालित किया जाए। तालाबों, नालों व नालियों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा कूड़े का निस्तारण ठीक ढंग से किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित है, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं। साथ ही, महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभागों से संचारी रोगों के नियंत्रण व रोकथाम के सम्बन्ध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही, उन्होंने चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगर विकास, पंचायतीराज,आई0सी0डी0एस0, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर संचारी रोगों की रोकथाम व नियंत्रण की कार्यवाही में और तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापक जागरूकता का कार्यक्रम संचालित किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव, परियोजना निदेशक डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र देव शर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर निर्मल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश, कृषि अधिकारी गौरव यादव आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow