बुलंदशहर। बुलंदशहर के नरसैना थाना क्षेत्र में पुत्रवधू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ससुर की इसीलिए हत्या कर दी क्योंकि ससुर पुत्रवधू और उसके प्रेमी के अवैध संबंधों में बाधक बन रहा था। पुलिस ने हत्यारोपी पुत्रवधू को उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
नरसेना थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर के पोखर में बीते 15 दिसंबर को 65 वर्षीय नत्थू सिंह का शव बरामद हुआ था। नत्थू सिंह की चाकू और ईट से वार कर हत्या की गई थी। सीओ स्याना भास्कर मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हत्यारोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने गांव के सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू किया तो एक वीडियो में 14 दिसंबर की रात को नत्थू सिंह अपनी छोटी बहू के साथ जाता दिखा। पुलिस ने मृतक की छोटी पुत्रवधू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने मृतक की पुत्रवधू और उसके प्रेमी जान मोहम्मद निवासी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ के बाद पता चला कि नत्थू सिंह की छोटी पुत्रवधू के जान मोहम्मद निवासी मुजफ्फरनगर से अवैध संबंध थे। जिसकी जानकारी उसके ससुर को लग गई थी। ससुर नत्थू सिंह दोनों के अवैध संबंधों में बाधक बन रहा था। इसके बाद नत्थू सिंह की छोटी पुत्रवधू ने अपने प्रेमी जान मोहम्मद के साथ मिलकर ससुर की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत 14 दिसंबर 2023 की रात को नत्थू सिंह के छोटे बेटे सुभाष की पत्नी रेखा ने अपने ससुर को छोड़ बाकी परिजनों को पहले नशीली चाय पिलाई और फिर अपने ससुर को अपने साथ घर से गांव के बाहर की तरफ ले गई। जहां प्रेमी जान मोहम्मद पहले से ही छुपा बैठा था। ससुर को देख दोनों ने मिल नत्थू सिंह की हत्या कर दी और शव को गांव की पोखर में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला का पति सुभाष फेरी लगाता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।