जालौन। गांव में बने कुएं पर गांव के ही कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर कुएं को बंद कर दिया है। ऐसे में कुएं का नामोनिशान तक नहीं बचा है। ग्रामीण ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। जिसका लेखपाल ने निरीक्षण किया है।
ग्रामीण लवकुश सिंह मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि शेखपुर बुजुर्ग गांव जनपद की शान का प्रतीक रहा है। गांव में महाविद्यालय के साथ ही लगभग हर घर में देश सेवा से जुड़े फौजी हैं। पूर्व में यहीं के निवासी संतराम सिंह सेंगर विधायक भी रह चुके हैं। गांव में प्राचीन खरुआ माता का मंदिर स्थित है। जिसकी चौहद्दी में पूर्व में रामवीर सिंह राजावत पश्चिम में रास्ता उत्तर में दिग्गज राजावत और दक्षिण में रास्ता है। इस प्राचीन स्थल की जगह लगभग 200 वर्ग मीटर थी। खरुआ माता मंदिर के पास ही एक कुआं भी था। धीरे धीरे कुएं के आसपास गांव के लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया और कुआं में कूड़ा करकट डालना शुरू कर दिया। वर्तमान में स्थिति यह है कि अब वहां कुएं का अस्तित्व ही नहीं बचा है। इस शिकायत के निस्तारण की जांच लेखपाल लवी गुप्ता को मिली थी। शुक्रवार को लेखपाल ने गांव में पहुंचकर संबंधित स्थल को देखा और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। इस संदर्भ में लेखपाल लवी गुप्ता ने बताया कि शिकायत की जांच की है। जांच रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।