जालौन। सर्दियों के मौसम में नगर व क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए नगर से होकर कानपुर के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है। सोमवार से सुबह सात बजे से बस का संचालन शुरू हो गया है।
नगर से कानपुर के लिए सुबह साढ़े पंाच बजे परिवहन निगम की बस का संचालन किया जा रहा है। यह बस पानी की टंकी से कानपुर के लिए जाती है। सर्दी के मौसम में लोगों का इतनी सुबह निकलना मुश्किल हो रहा था। जिसके चलते बीती 10 दिसंबर को सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा के साथ आए एआरएम कमल किशोर कार्य से नगर के लोगों ने सुबह सात बजे एक और बस का संचालन कराने की मांग की थी। जिस पर एआरएम ने लोगों को आश्वासन दिया था कि बस का संचालन इसी सप्ताह से शुरू करा दिया जाएगा। साथ ही अधीनस्थों को टाइम टेबल निर्धारित करने के निर्देश दिए थे। एआरएम के आश्वासन के बाद सोमवार से सुबह सात बजे रोडवेज बस का संचालन शुरू हो गया है। एआरएम कमल किशोर आर्य ने बताया कि बस सुबह सात बजे जालौन स्थित पानी की टंकी से निकलेगी। साढ़े सात बजे उरई, साढ़े आठ कालपी, सवा नौ बजे माती और सुबह सवा दस बजे कानपुर पहुंचेगी। इसी तरह कानपुर से सवा 11 बजे बस संचालन होगा। जो पुखरायां, कालपी, उरई होकर शाम पांच बजे जालौन पहुंचेगी।