जालौन। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने मारपीट कर विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दमां निवासी दीक्षा ने पुलिस को बताया कि उसके पिता अशोक कुमार ने दो वर्ष पूर्व उसकी शादी मध्य प्रदेश के जिला अशोकनगर के कचनार निवासी आशीष कुमार के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज में नकदी की मांग शुरू कर दी। जब उसने पिता को इसके बारे में बताया तो पिता ने ससुरालियों से बात की और उन्हें बताया कि शादी में ही काफी खर्च हो गया है। इसलिए वह अतिरिक्त मांग को पूरा नहीं कर सकेंगे। इससे नाराज होकर ससुरालियों ने उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कई बार परिजनों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन उनकी आदतों में सुधार नहीं हुआ। उल्टा दो दिन पूर्व ससुरालियों ने उसका सारा स्त्रीधन छीनकर उसे घर से निकाल दिया। वापस लौटने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति आशीष, ससुर कौशल किशोर व सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।