0 बच्चों व किशोरवय उम्र के लोगों में सर्वाधिक दिखा उल्लास, महिलाएं भी नहीं रहीं पीछे
कोंच(जालौन)। प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द से परिपूर्ण रंगोत्सव होली पर्व शुक्रवार को नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। होली पर्व पर सबसे पहले मठ मंदिरों में प्रतिष्ठापित भगवान की मूर्तियों को गुलाल चढ़ाकर किशोर एवं युवाओं की टोलियां सड़कों पर दिखने लगीं। टोलियों में शामिल युवा पूरी तरह रंगों में सराबोर थे और सड़क पर दिखने वाले लोगों को भी जमकर रंग लगाया।कई स्थानों पर डीजे बजाकर युवा एक दूसरे को रंग मिश्रित पानी से सराबोर कर झूमते नजर आये। महिलाएं भी रंग एवं गुलाल से होली खेलने में किसी से पीछे नहीं रहीं। बच्चों ने भी पिचकारी एवं पानी से भरे गुब्बारे राह चलते लोगों पर जमकर फोड़े। ससुराल से पहली बार मायके आयीं नवविवाहित महिलाओं ने भी अपने घर मुहल्ले में पहली होली मनाते हुए खूब रंग गुलाल लगाया। उधर गणमान्य व्यक्तियों ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली पर्व की शुभकामनाएं दी।होली पर्व पर हालांकि शराब, भांग के ठेके बंद होने के चलते युवाओं ने एक दिन पहले ही अपनी व्यवस्था बना ली थी जिससे होली के रंग में भंग ना हो सके और होली के दिन तमाम युवा नशे में झूमते हुए दिखायी दिये।इस बर्ष अधिकांश लोग केमिकल युक्त रंगों के बजाय गुलाल से होली खेलते नजर आये।वहीं शाम के समय लोगों ने अपने मित्रों के घर पहुंचकर एक दूसरे को होली पर्व की शुभकामनाएं देकर लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया।होली पर्व पर नगर में शांति सुरक्षा व्यवस्था हेतु एसडीएम राजेश सिंह व सीओ शाहिदा नसरीन के निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही के नेतृत्व में चारों चैकियों के प्रभारी, पीएसी समेत स्थानीय पुलिस बल, पीआरडी जवानों के साथ निर्धारित स्थानों पर चैकन्ने रहे।
फोटो परिचय—
होली की हुड़दंग में मस्ती करते युवा।