
जालौन। कानपुर-झांसी हाईवे (NH-27) पर मंगलवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसा आटा थाना क्षेत्र में हुआ, जिसमें बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत करीब आठ यात्री घायल हो गए। बस में बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों के मौजूद होने से हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



