चाकू से ताबड़तोड़ वार के बाद युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

उरई(जालौन) । उरई कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने के बाद गोली मारकर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना मंडी चौकी क्षेत्र के लल्ला धाम, रामनगर-अजनारी रोड की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान मोहित यादव पुत्र राजू यादव निवासी रामनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले मोहित पर चाकू से कई वार किए और इसके बाद गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में हमले की घटना कैद होने की बात सामने आ रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि फुटेज आरोपियों तक पहुंचने में अहम कड़ी साबित हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले में शामिल आरोपियों की तलाश के साथ ही वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किस विवाद या पुरानी रंजिश के चलते किया गया। चाकू और गोली से हुए हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने में जुटी हुई है।



