उरई

स्वाइन फ्लू को लेकर जिला अस्पताल में तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

सभी सीएचसी-पीएचसी पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, बुखार-खांसी के लक्षणों पर तत्काल जांच और चिकित्सकीय परामर्श की अपील

उरई(जालौन) । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वाइन फ्लू की रोकथाम एवं उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति में मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराया जा सके। स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जनपद में एडवाइजरी भी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी अथवा अन्य संबंधित लक्षण दिखाई दें तो घबराने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और चिकित्सक की देखरेख में ही उपचार लें। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने तथा बाहर निकलते समय मास्क से मुंह और नाक ढककर रखने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनके उपचार एवं पोषण संबंधी प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन बच्चों की माताएं भी कुपोषण से प्रभावित हैं, उन्हें आज ही पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों के साथ उनकी माताओं के पोषण स्तर में भी सुधार सुनिश्चित किया जा सके। इसके बाद जिलाधिकारी ने आयुष्मान वार्ड एवं इमरजेंसी वार्ड समेत अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों से सीधे संवाद कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, सीएमएस जेजे राम आदि सहित सम्बंधित चिकित्सक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button