
जालौन। जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कोंच कस्बे में संचालित जुआ अड्डे पर छापेमारी की, जहां मौके से 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 1 लाख 67 हजार 700 रुपये नकद, 11 मोटरसाइकिलें और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में जुआ संचालित कर रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने साफ किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



