सरदार पटेल की जयंती पर जिला अस्पताल में मरीजों को वितरित किए फल, सेवा और संवेदना के साथ मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस
लौह पुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित कर मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई, सेवा और मानवीय संवेदना का दिया संदेश

उरई लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी क्रम में जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान मरीजों एवं उनके तीमारदारों से कुशलक्षेम पूछते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता एवं मानवीय सेवा का संदेश दिया गया। फल पाकर मरीजों के चेहरों पर प्रसन्नता दिखाई दी। इस पहल के माध्यम से राष्ट्रीय एकता दिवस को सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए सरदार पटेल के राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को स्मरण किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।



