सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का लें संकल्प – जिलाधिकारी
राष्ट्रीय एकता दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण कार्यक्रम, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लिया देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संकल्प

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में श्रद्धा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे। साथ ही देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।जिलाधिकारी समीर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अद्भुत दूरदर्शिता, असाधारण संगठन क्षमता और अटूट संकल्प शक्ति से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही आज भारत एकता के सूत्र में बंधा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



