
उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सामी में 45 वर्षीय किसान रामपाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे और रामपाल घर पर अकेला था। देर रात वह खेत की ओर गया, जहां उसने बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे, तो पेड़ से लटका शव देखकर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, रामपाल नशे का आदी था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



