
जालौन जनपद के कोंच तहसील क्षेत्र में सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने से किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में दर्जनों किसान 132 केवी नहर बिजली पावर हाउस पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल आधा दर्जन गांवों के किसानों ने आरोप लगाया कि सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन होने के बावजूद उन्हें पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। इसके चलते मूंग समेत अन्य फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। आक्रोशित किसानों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
साथ ही किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल प्रशासन ने किसानों को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।



