
हुसैन अली
जालौन नगर जालौन स्थित डाकघर में बंद पड़ी रेलवे टिकट रिजर्वेशन खिड़की को पुनः शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में बागवान समाज सेवा समिति के अध्यक्ष मुहम्मद अशफाक राईन ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को ज्ञापन भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि जालौन डाकघर में पहले रेलवे आरक्षण सुविधा संचालित होती थी, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विकलांगों और आम जनता को काफी राहत मिलती थी। कोरोना काल के दौरान यह सेवा बंद हुई थी, लेकिन मशीन सही होने के बावजूद आज तक खिड़की दोबारा शुरू नहीं की गई।
वर्तमान में जालौन व आसपास के लोगों को टिकट आरक्षण के लिए करीब 25 किलोमीटर दूर उरई जाना पड़ता है, जबकि माधौगढ़ व कुठौंद क्षेत्र के नागरिकों को लगभग 50 किलोमीटर तक सफर करना पड़ता है। इससे ग्रामीणों, गरीबों और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार सांसद नारायण दास को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
अखिलेश यादव से मांग की गई है कि संबंधित जनप्रतिनिधियों को निर्देशित कर इस जनसमस्या का जल्द समाधान कराया जाए।



