ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 60 हजार प्रति हेक्टेयर मुआवजे की मांग, सीपीआई(एम) जिला बैठक में कई प्रस्ताव पारित

जालौन । भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी की बैठक मोहल्ला हरीपुरा में सौरभ सिंह के आवास पर जिला प्रवक्ता कामरेड कमलेश कुमार आचार्य की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में जिला सचिव विनोद नगरिया ने किसानों, बटाईदारों और बलकट पर खेत जोतने वाले किसान जिनकी फसलें ओलावृष्टि से प्रभावित हुई हैं, कम से कम 60000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से मुआवाजा दिए जाने की मांग की। इससे लिए पहले फसलों के नुकसान और किसानों की श्रेणी का सर्वे कराने की भी मांग की गई। साथ ही मांग की गई कि मुआवजा खेत जोतने वाले किसान को दिया जाए क्योंकि नुकसान उनका ही होता है। इसके अलावा खेतिहर मजदूरो का भी सर्वे कराकर आर्थिक मदद दिलाने की मांग की गई। बैठक में कहा गया कि किसानों की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकार खरीदे। किसानों को आढ़तियों के पास जाने को मजबूर न किया जाए। बैठक में प्रस्ताव पारित कर पार्टी ने खुद को नवगठित वाम मोर्चा से अलग बताया। जिला प्रवक्ता कमलेश कुमार आचार्य ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की भी बात कही। इसके लिए इक्छुक पार्टी सदस्यों से जिला कमेटी में आवेदन देने के लिए कहा गया। बैठक में जिला सचिव विनोद नगरिया, कामरेड कमलाकांत वर्मा, जिला प्रवक्ता कमलेश कुमार आचार्य आदि रहे।


