0 देवगांव में भागवत की कलशयात्रा पर हुई पुष्प वर्षा
कोंच (जालौन)। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर देवगांव स्थित परमहंस बद्रीदास जी महाराज आश्रम में 50वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर उनके कृपापात्र आलोक जैन द्वारा महाराज को छप्पन भोग और 101 किग्रा लड्डू का भोग लगाया जाएगा। इस पावन उपलक्ष्य में श्रीमद्भागवत कथा का भी आयोजन किया गया है जिसके लिए सोमवार को बैंड बाजे के साथ कलशयात्रा निकाली गई। यात्रा मार्ग में जगह जगह पुष्प वर्षा कर ग्रामीणों ने कलशयात्रा का स्वागत किया।
महान संत परमहंस बद्रीदास महाराज की तपोस्थली देवगांव में उनके अवतरण दिवस महाशिवरात्रि पर आश्रम की स्थापना और महाराज की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। आश्रम के 50वें स्थापना दिवस पर विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन भी इसी कड़ी का हिस्सा है।सोमवार को भागवतजी की कलशयात्रा निकाली गई जो गांव का भ्रमण करती हुई कथा स्थल पर पहुंची। कथा व्यास पं. विवेक मिश्र शास्त्री वृंदावन धाम बग्घी पर विराजमान रहे जबकि कथा परीक्षित श्याम किशोर तिवारी सपत्नीक भागवत महापुराण सिर पर धारण कर कलशयात्रा में चल रहे थे। आश्रम के प्रबंधक मदनमोहन तिवारी पप्पू महाराज ने बताया कि 28 फरवरी को कथा समापन के पश्चात ग्राम भ्रमण होगा और महाराज को छप्पन भोग लगाया जाएगा। कलशयात्रा में तमाम ग्रामीण और महाराज के अन्य प्रांतों से आए भक्तगण शामिल रहे।