रामपुरा

विशाल रैली के साथ धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, संविधान के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

रामपुरा, जालौन। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर रामपुरा विकासखंड क्षेत्र में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्षेत्र के लगभग 30 गांवों में सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर पंचायत रामपुरा व ऊमरी तथा ग्राम सभा जगम्मनपुर स्थित अंबेडकर पार्क में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। ग्राम पचोखरा, मई,जायघा,नावर ,पतराही, मदनेपुर, एवं नदिया पार के ग्राम निनावली जागीर,कदमपुरा , कूसेपूरा में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर, ग्राम प्रधान प्रज्ञादीप गौतम, भानु प्रताप सिंह (प्रधान उदोतपुरा जागीर), योगेश राठौर (प्रधान हुसेपुरा जागीर), पूर्व जिला पंचायत सदस्य बृजेश प्रजापत, हरेंद्र सिंह चंदेल (अध्यक्ष साधन सहकारी समिति), रवि मिश्रा तथा अनूप कुमार झा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा रचित भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

ग्राम जगम्मनपुर से एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें करीब दो हजार लोगों ने भाग लिया। रैली विभिन्न गांवों—बेनीपुरा, उदोतपुरा, हुसेपुरा जागीर और हमीरपुरा—से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह बाबा साहब की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए गए। रैली में शामिल युवक-युवतियां और महिलाएं नीले वस्त्र पहनकर और हाथों में नीले झंडे लेकर चल रहे थे, जो सामाजिक एकता और जागरूकता का प्रतीक बन गए।

रैली के दौरान “जय भीम”, “डॉ. अंबेडकर अमर रहें” और “जय मूल निवासी” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। संगीत की धुन पर थिरकते युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान रामपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रजत कुमार सिंह द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगम्मनपुर में पुलिस चौकी प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे आयोजन में शांति और कानून व्यवस्था बनी रही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button