
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर नगर देशभक्ति की भावना में सराबोर नजर आया। राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों से सजा नगर तिरंगे की रोशनी में नहाया तो लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। नगर पालिका परिषद द्वारा मुख्य मार्गों, चौराहों और प्रमुख स्थलों को त्रिवर्णीय झालरों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया था।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडा चौराहा, देवनगर चौराहा, चंद्रशेखर आजाद पार्क और नगर पालिका कार्यालय पर विशेष सजावट की गई थी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत घर-घर पर तिरंगा लहराया, जिससे नगर का कोना-कोना राष्ट्रभक्ति में रंगा हुआ नजर आया। इस मौके पर उरई मार्ग स्थित संकट मोचन श्रीवीर बालाजी हनुमान मंदिर में भी भगवान को तिरंगे की पोशाक पहनाई गई, जिसने भक्तों का मन मोह लिया। वहीं, रात होते ही नगर की सड़कों और गलियों में तिरंगे रंगों की झालरों की रोशनी ने समूचे वातावरण को देशभक्ति के रंग में डुबो दिया। नगर पालिका द्वारा बनाए गए आकर्षक सेल्फी पाइंट पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। यहां बच्चों, युवाओं और परिवारों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर इस खास दिन को यादगार बनाया। जगह-जगह लोगों ने राष्ट्रगान और देशभक्ति गीत गाए और आजादी के अमर शहीदों को नमन किया। स्वतंत्रता दिवस का पर्व नगरवासियों के लिए उत्साह, उमंग और देशभक्ति का संदेश छोड़ गया। पूरा नगर तिरंगे की छटा बिखेरते हुए मानो आजादी के जश्न में डूबा हुआ था।