कालपी में व्यक्ति की मौत का मामला, एसडीएम ने स्पष्ट की वस्तुस्थिति—पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत

कालपी तहसील क्षेत्र के ग्राम धामनी में एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले में उप जिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि इस घटना का फसल नुकसान या आर्थिक तंगी से कोई संबंध नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर कराई गई जांच में ऐसी कोई परिस्थिति सामने नहीं आई है, जिससे इस घटना को ओलावृष्टि या फसल क्षति से जोड़ा जा सके।एसडीएम मनोज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 19 अप्रैल 2026 को थाना क्षेत्र सिरसाकलार अंतर्गत ग्राम धामनी के ग्राम प्रधान द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम निवासी अवधेश अवस्थी उर्फ बबलू अवस्थी (लगभग 45 वर्ष), जो दिल्ली में निजी नौकरी करते थे और करीब 10 दिन पूर्व ही गांव लौटे थे, ने घरेलू विवाद के चलते गांव के बाहर स्थित बगिया में नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए पंचायतनामा की प्रक्रिया पूर्ण की गई। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि मृतक के परिवार द्वारा लगभग 16 बीघा में बोई गई गेहूं की फसल की कटाई पहले ही कर ली गई थी। एसडीएम ने आगे बताया कि कालपी तहसील क्षेत्र में कहीं भी ओलावृष्टि अथवा अतिवृष्टि से फसल प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है। ग्राम धामनी में भी किसी प्रकार की फसल क्षति की स्थिति नहीं पाई गई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

