
जालौन । कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पांच नदियों के पवित्र संगम स्थल पचनद पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक पचनद महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पचनद संगम पहुंचकर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्नान घाटों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत स्नान घाटों पर मजबूत बैरियर लगाए जाएं तथा जल पुलिस, गोताखोर टीम, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के साथ लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की सतत निगरानी रखने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने, यातायात का सुचारु संचालन करने और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। रात्रि के समय सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नियमित गश्त सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पचनद संगम जनपद की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां पांच नदियों के पवित्र मिलन स्थल पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग अपनी तैयारियां पूर्ण रखें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके और वे श्रद्धा एवं उल्लास के साथ पर्व का आनंद ले सकें।



