रामपुरा

दो साल से अधूरे पड़े सड़क के अप्रोच, बड़े हादसे का इंतजार कर रहा विभाग?

उमरी स्टैंड से होली मोड़ तक बनी सड़क के किनारे कई स्थानों पर अधूरा निर्माण, राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

अजीतसिंह जादौन

रामपुरा (जालौन)। उमरी स्टैंड से होली मोड़ तक लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई गई सड़क पर कई स्थानों पर अप्रोच का निर्माण अधूरा पड़ा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान किनारे के अप्रोच व्यवस्थित रूप से नहीं बनाए गए, जिसके चलते सड़क से बाजार, दुकानों और अन्य रास्तों पर आने-जाने में दिक्कत हो रही है। बताया जा रहा है कि इन अधूरे अप्रोचों की समस्या पिछले करीब दो वर्षों से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सड़क के प्रमुख स्थानों पर अधूरे अप्रोच राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जोखिम का कारण बन रहे हैं। विशेष रूप से राजा चित्रा सिंह इंटर कॉलेज के सामने, सब्जी बाजार में प्रवेश मार्ग तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने अप्रोच अधूरे पड़े होने की शिकायत सामने आई है। इन स्थानों पर सड़क से नीचे उतरने और दोबारा मुख्य सड़क पर चढ़ने के दौरान वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इन तीन प्रमुख स्थानों पर बनी हुई है समस्या
पहला अप्रोच राजा चित्तर सिंह इंटर कॉलेज के सामने अधूरा पड़ा है, जहां विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का आवागमन रहता है। दूसरा अप्रोच सब्जी बाजार में प्रवेश के स्थान पर है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। तीसरा अप्रोच इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने है, जहां दोपहिया, चारपहिया तथा अन्य वाहनों की आवाजाही बनी रहती है।
इन स्थानों पर अप्रोच का उचित निर्माण नहीं होने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने, असंतुलित होकर सड़क किनारे उतरने तथा अन्य वाहनों से बचने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। विशेषकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति अधिक खतरनाक हो सकती है।
दो वर्षों से इंतजार, आखिर कब पूरा होगा निर्माण?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का मुख्य निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन सड़क से जुड़ने वाले अप्रोचों को अधूरा छोड़ देना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पूर्णता पर सवाल खड़े करता है। यदि सड़क निर्माण के साथ ही सभी संपर्क मार्गों और अप्रोचों का निर्माण कराया जाता तो लोगों को आज इस समस्या से नहीं जूझना पड़ता।
क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते अधूरे अप्रोचों को ठीक नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी।
जनता की मांग—जल्द कराया जाए अप्रोचों का निर्माण
रामपुरा क्षेत्र के नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि उमरी स्टैंड से होली मोड़ तक सड़क का निरीक्षण कर अधूरे पड़े सभी अप्रोचों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही संबंधित स्थानों पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि राहगीरों, विद्यार्थियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग जनहित में इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य पूरा कराता है या फिर लोगों को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button