जालौन

उरई को आधुनिक एवं सुनियोजित शहर बनाने की दिशा में जिलाधिकारी की बड़ी पहल, 103 एकड़ में विकसित होगी नई टाउनशिप

अजनारी-कोटरा रोड पर मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत तेजी से आगे बढ़ रहा कार्य, बाउंड्रीवाल निर्माण एवं भूमि समतलीकरण जारी

उरई शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं बेहतर शहरी सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उरई विकास प्राधिकरण द्वारा तहसील उरई के मौजा बडेरा एवं बड़ागांव में लगभग 103 एकड़ भूमि पर नई आवासीय टाउनशिप विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी/उपाध्यक्ष उरई विकास प्राधिकरण समीर के विशेष प्रयासों एवं निर्देशन में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।अजनारी-कोटरा रोड पर विकसित की जा रही इस टाउनशिप के लिए शासन के निर्देशों के क्रम में नियमानुसार एवं आपसी सहमति के आधार पर भूमि क्रय की जा रही है। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए क्रय की गई भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण एवं समतलीकरण का कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी द्वारा योजना की प्रगति पर निरंतर ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रस्तावित टाउनशिप की विशेषता यह होगी कि इसमें समाज के सभी आय वर्गों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अल्प आय वर्ग, मध्यम आय वर्ग एवं उच्च आय वर्ग के लिए अलग-अलग आकार के भूखंड उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही व्यावसायिक भूखंड, स्कूल, अस्पताल एवं सामुदायिक सुविधाओं के लिए भी पर्याप्त स्थान निर्धारित किया जाएगा, जिससे भविष्य में यहां विकसित होने वाली आवासीय कॉलोनी एक संपूर्ण एवं सुविधायुक्त शहरी क्षेत्र के रूप में आकार ले सके। योजना के अंतर्गत चौड़ी सड़कें, पर्याप्त खुले स्थान, पार्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) सहित आधुनिक नागरिक सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। इससे न केवल लोगों को सुनियोजित आवासीय वातावरण मिलेगा, बल्कि उरई शहर के सुनियोजित विस्तार को भी नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button