उरई

एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

उरई। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गांधी इंटर कॉलेज उरई में यातायात पुलिस विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी यातायात निरीक्षक वीर बहादुर सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने किया। इस दौरान उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासनप्रिय युवा वर्ग यदि यातायात नियमों के प्रति जागरूक होकर उनका पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की जानकारी दी। साथ ही नाबालिगों के वाहन चलाने पर लागू कानूनी प्रावधानों और विभिन्न यातायात संकेतों के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और यातायात पुलिस टीम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी समीर वर्मा और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से जालौन पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button