जालौन

मां ने डेढ़ साल के मासूम बेटे की गला दबाकर की हत्या, गांव में मचा हड़कंप

जालौन। कोटरा थाना क्षेत्र के सिकरी व्यास गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक मां ने कथित तौर पर अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजेश बरार की पत्नी पारो ने मंगलवार सुबह करीब चार बजे अपने डेढ़ वर्षीय बेटे का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पारो के चार बच्चे हैं और मृतक सबसे छोटा बेटा था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पति राजेश के अनुसार, पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज भी चल रहा है। हालांकि, मासूम की हत्या के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा, कोटरा थाना प्रभारी विमलेश कुमार और अतिरिक्त निरीक्षक विष्णुकांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button