रामकुंड पर छठ महापर्व की छटा ने मोहा मन, आस्था के रंग में सराबोर हुआ पूरा परिसर
जिलाधिकारी ने स्वयं कई बार किया घाटों का भ्रमण, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रंग-रोगन, स्वच्छ जल, रंगोली, सीसीटीवी, चेंजिंग रूम एवं शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराईं सुनिश्चित

लोक आस्था के महापर्व छठ पर रामकुंड में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। छठी मैया की आराधना के लिए रामकुंड पहुंचे श्रद्धालुओं से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं, पूजा के लिए सजे फल-फूल और प्रसाद से भरे सूप व डलियों तथा घाटों पर होती पूजा-अर्चना ने रामकुंड की छटा को और भी भव्य बना दिया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर छठी मैया की आराधना की। घाट पर सजी पूजन वेदियां और आस्था से परिपूर्ण श्रद्धालुओं का दृश्य पर्व की सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्ता को जीवंत कर रहा था। रामकुंड पर हर ओर भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण दिखाई दिया। छठ महापर्व को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी समीर ने स्वयं एक से अधिक बार रामकुंड पहुंचकर घाट का स्थलीय भ्रमण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशन में घाटों का रंग-रोगन कराकर आकर्षक स्वरूप दिया गया तथा साफ-सफाई, स्वच्छ जल, आकर्षक रंगोली, सीसीटीवी कैमरों, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हुआ। रामकुंड पर सजी पूजा की वेदियां, घाटों की आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता ने छठ महापर्व की भव्यता में चार चांद लगा दिए। परंपरा, प्रकृति और लोक आस्था से जुड़े इस महापर्व पर रामकुंड श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के अद्भुत संगम का साक्षी बना।



