निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत पर पंकज ट्रेडर्स सील
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार एवं जिला कृषि अधिकारी ने की संयुक्त जांच, डीएपी 1350 रुपये और यूरिया 266.50 रुपये प्रति बोरी निर्धारित

जनपद में किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी समीर के निर्देशों के क्रम में आज तहसील जालौन में तहसीलदार जालौन एवं जिला कृषि अधिकारी ने संयुक्त रूप से उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया एवं डीएपी बेचने की शिकायत मिलने पर मैसर्स पंकज ट्रेडर्स, जालौन के प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन ने जनपद के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद की बिक्री किसी भी दशा में न की जाए। डीएपी की 50 किलोग्राम की बोरी का निर्धारित मूल्य 1350 रुपये तथा यूरिया की 45 किलोग्राम की बोरी का मूल्य 266.50 रुपये है। निर्धारित दरों से अधिक वसूली करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी दुकानदार अपनी पॉइंट ऑफ सेल (POS) मशीन में उपलब्ध उर्वरक स्टॉक का सत्यापन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया है कि जनपद में खाद की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे खाद खरीदने के लिए दुकानों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार उर्वरक खरीदने के लिए आधार कार्ड एवं खतौनी अनिवार्य है। किसानों को अपनी खतौनी में दर्ज भूमि एवं फसल की आवश्यकता के अनुसार ही खाद खरीदने की सलाह दी गई है। साथ ही प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी बनाया जाना भी अनिवार्य है। कृषि वैज्ञानिकों की संस्तुति के अनुसार गेहूं एवं जौ की फसल के लिए प्रति हेक्टेयर 06 बोरी यूरिया तथा 03 बोरी डीएपी की आवश्यकता निर्धारित की गई है। वहीं चना, मटर एवं मसूर की फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर 01 बोरी यूरिया तथा 03 बोरी डीएपी की संस्तुति की गई है। किसानों से अपील की गई है कि वे वैज्ञानिक संस्तुति के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करें। खाद वितरण से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत के निस्तारण के लिए किसान सहकारी समितियों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर 07818921432 एवं 09412421992 तथा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के मोबाइल नंबर 08858222253, 08317041767, 09450072937, 09936481190, 09140122540 एवं 07839882812 पर संपर्क कर सकते हैं।



