जालौन

पुलिस लाइन में आयोजित हुई ब्लैकआउट एवं हवाई हमले की मॉक ड्रिल

 

जालौन ।   हवाई हमले एवं ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन में हवाई हमले एवं ब्लैकआउट से संबंधित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई, जिसके बाद संबंधित विभागों की टीमें तत्काल सक्रिय हुईं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस मॉक ड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाया गया तथा ब्लैकआउट की स्थिति का अभ्यास करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई। चेतावनी मिलते ही नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं संबंधित विभागों के कर्मचारियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभालते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के दौरान प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य, आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई प्रदर्शित की, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालने की कार्यप्रणाली का अभ्यास किया। इस अभ्यास के माध्यम से यह परखा गया कि हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में चेतावनी मिलने पर विभिन्न विभाग कितनी तत्परता से सक्रिय होकर आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को संचालित कर सकते हैं। इसका उद्देश्य आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और जनसुरक्षा के लिए प्रशासनिक तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाना है। इस अवसर पर मा० जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत, मुख्य चिकित्साधिकारी एच०एन० प्रसाद, अपर जिलाधिकारी(वि०/रा०)/ उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा विभाग जालौन राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, मा० विधायक सदर प्रतिनिधि रविन्द्र प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी व छात्र मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button