चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, जोरदार धमाके से दहला शांतिनगर, बच्चों-महिलाओं समेत 23 घायल

उरई(जालौन) । उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर में रविवार शाम घर में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि सिलेंडर के टुकड़े आसपास जा गिरे। हादसे में 13 बच्चों, 5 पुरुषों और 5 महिलाओं समेत कुल 23 लोग झुलसकर घायल हो गए। इनमें 13 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, शांतिनगर निवासी सभासद माता प्रसाद के मकान में रविवार शाम परिवार के लोग चाय बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के बाद सिलेंडर के टुकड़े आसपास जा गिरे, जिससे सभासद के परिवार के 10 से अधिक सदस्यों समेत आसपास मौजूद करीब 23 लोग झुलसकर घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनते ही पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 13 लोगों की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत और अपर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उपचार की जानकारी ली। उधर, हादसे के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। गैस सिलेंडर में आग लगने और विस्फोट होने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुरेश चंद्र रावत ने जांच कमेटी गठित कर दी है।



