मलकपुरा ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की जांच की मांग

जालौन। विकासखंड जालौन की ग्राम पंचायत मलकपुरा में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और विकास कार्यों में भेदभाव का मामला सामने आया है। गांव निवासी पवन कुमार समेत कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी समीर को शपथपत्र देकर ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायत की है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत पात्र जॉबकार्ड धारकों को लंबे समय से रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। रोजगार सेवक द्वारा काम शुरू कराने के प्रयास किए जाने पर भी कथित रूप से बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं, जिससे गांव के मजदूरों को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है।शिकायत में सरकारी ई-रिक्शा के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में कूड़ा एकत्र करने के लिए उपलब्ध कराए गए सरकारी ई-रिक्शा का इस्तेमाल मलकपुरा और जालौन में किराये पर सामान ढोने के लिए किया जा रहा है। आरोप है कि सरकारी संसाधन का निजी कार्यों में उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही शिकायतकर्ताओं ने विकास कार्यों में पक्षपात, बिना कार्य कराए सरकारी धन निकालने और निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने के आरोप लगाए हैं। गुलाबपुरा में अरविंद गुर्जर के मकान से मुख्य मार्ग तक कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से ग्राम पंचायत में कराए गए समस्त विकास कार्यों की तकनीकी और भौतिक जांच कराने, मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति की पड़ताल करने तथा सरकारी ई-रिक्शा के उपयोग की जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।



