0 बीते 10 दिनों में करीब 3 दर्जन लोगों के खिलाफ हुई एफआईआर दर्ज
0 निर्बाध आपूर्ति हेतु बिजली चोरी करने से बाज आएं लोग
कोंच(जालौन)। कोंच नगर सहित विधुत उप खंड क्षेत्र के कस्बा नदीगांव के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में चोरीछुपे बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विधुत विभाग लगातार सख्त कार्यवाही करता हुआ नजर आ रहा है।
बिजली चोरी रोकने और बिजली चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही किये जाने को लेकर शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में उप खंड अधिकारी अनिरुद्ध कुमार मौर्य के निर्देशन में अवर अभियंता द्वय गौरव कुमार, जितेंद्र सिंह विभागीय कर्मियों की अलग अलग गठित टीमों के साथ प्रतिदिन कोंच व नदीगांव के अलग अलग मुहल्लों में जाकर डोर टू डोर चैकिंग अभियान चला रहे हैं।चैकिंग अभियान के दौरान सर्वाधिक फोकस बिजली चोरी के मामलों में किया जा रहा है, साथ ही 10 हजार रुपये से अधिक धनराशि के बकायेदारों से बकाया राशि वसूली जा रही है और बकाया राशि जमा न करने वालों के विधुत संयोजन उड़ाये जा रहे हैं।वहीं दूसरी ओर बीते कई दिनों से सुबह सवेरे विजिलेंस टीम भी नगर में दस्तक देकर बिजली चोरी के मामले लगातार पकड़ रही है जिससे बिजली चोरी करने वालों में डर की स्थिति साफ तौर पर देखी जा रही है।उप खंड अधिकारी ने बताया कि बीते 10 दिनों में उप खंड क्षेत्र के अंतर्गत अलग अलग जगहों पर बिजली चोरी के करीब 3 दर्जन मामले पकड़ में आये हैं और सभी मामलों में वीडियोग्राफी कर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।उप खंड अधिकारी ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए चैकिंग अभियान हर रोज चलाया जायेगा और अभियान के दौरान बिजली चोरी करते हुए पकड़े जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा।उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि लो वोल्टेज व ओवरलोड के चलते बार बार ट्रिप होने वाली समस्या सहित एफआईआर व जुर्माना जैसी कार्यवाही की जद में आने से बचने के लिए बिजली चोरी कदापि न करें।समय से अपने अपने विधुत बिलों की अदायगी करें ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से निर्धारित विधुत आपूर्ति प्राप्त हो सके।

