कालपी (जालौन)। भाजपा की पूर्ण बहुमत से प्रचंड जीत के बाद शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री के रूप में एक बार पुनः शपथ ली। योगी के दोबारा मुख्यमंत्री बनने से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कालपी नगर में बुलडोजर जुलूस निकाला साथ ही डीजे की धुन पर भाजपाई थिरकते नजर आए। विजय जुलूस में बुलडोजर पर सवार भाजपा नेता व कार्यकर्ता मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं जगह-जगह रोककर जुलूस का स्वागत किया गया।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में योगी आदित्यनाथ ने पुनः मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। जिसके बाद शाम को भाजपा नगर अध्यक्ष अमित पांडे के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कालपी नगर की सड़कों पर बुलडोजर जुलूस निकाला और बुल्डोजर पर चढ़कर भाजपा के झंडे लहराते हुए भारत माता की जय, जय श्रीराम के नारे भी लगाए। अमित पांडे ने कहा कि भाजपा ने ऐतिहासिक जीत का परचम लहराया है, 37 वर्ष बाद उत्तरप्रदेश में कोई दोबारा मुख्यमंत्री बना है। जिसके लिए राज्य की जनता का तथा पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जात-पात परिवारवाद को पीछे छोड़ कर यह राष्ट्रवाद की जीत है। पूर्व विधायक प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था व जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता ने तरजीह दी है। भाजपा सरकार पर पुनः जनता ने विश्वास जताया है। जुलूस टरननगंज स्थित भाजपा कार्यालय से शुरू होकर मुख्य बाजार, टरननगंज चैराहा, खोया मंडी होते हुए वापस भाजपा कार्यालय में समापन हुआ। इस मौके पर शशिकांत सिंह उर्फ कल्लू ठाकुर, मुन्ना चैधरी, जगत यादव, आशीष चतुर्वेदी, ब्रह्मा यादव, सभासद अतुल सिंह चैहान, अंकित ठाकुर, विकास द्विवेदी, सुबोध द्विवेदी, हर्षित खन्ना, ब्रजेंद्र सिंह, मयंक श्रीवास, शैलेन्द्र सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो परिचय—
जुलूस निकालते भाजपा कार्यकर्ता।