
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल महिला विंग की नगर इकाई की बैठक नगर के एक गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। इस दौरान 34 सदस्यीय नगर कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें विधि अग्रवाल को नगर अध्यक्ष बनाया गया। नगर में पहली बार महिला विंग के गठन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष ऊषा गुप्ता, विशिष्ट अतिथि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, महिला विंग जिलाध्यक्ष निशा राजपूत ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। मुख्य अतिथि ऊषा गुप्ता ने कहा कि नगर में पहली बार बनी महिला विंग महिला व्यापारियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे महिलाओं को संगठित होकर अपनी समस्याएं रखने और समाधान पाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नगर अध्यक्ष विधि अग्रवाल सहित पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य सदैव व्यापारियों के हितों की रक्षा करना रहा है। महिला विंग के गठन से महिला व्यापारियों को न केवल एकजुटता का बल मिलेगा बल्कि उनकी भागीदारी सामाजिक और आर्थिक मोर्चे पर भी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्य संगठन महिला विंग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा। अंत में नगर अध्यक्ष विधि अग्रवाल, नगर उपाध्यक्ष मधु पांडेय, रंजना दुबे, इंदु मिश्रा, महादेवी कुशवाहा, नैना साहनी, महामंत्री दीप्ति बाथम, सरिता कुशवाहा, कोषाध्यक्ष अनीता माहेश्वरी, मीडिया प्रभारी अर्चना खन्ना समेत 34 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा कर उन्हें मनोनयन पत्र दिए गए। कार्यक्रम का संचालन पुष्पेंद्र यादव ने किया। इस मौके पर जिले की टीम से प्रदीप द्विवेदी, संजीव सिपौल्या, रंजना अग्रवाल, डॉ. प्रज्ञा राजपूत, शालिनी अग्रवाल, संगीता यादव, चित्रा गुप्ता, हर्ष राजपूत, नगर अध्यक्ष श्यामजी गुप्ता, कौशल किशोर गुप्ता, दीपू लाला आदि मौजूद रहे।