0 पुष्पवर्षा कर नगरवासियों ने किया प्रियंका का स्वागत
0 दो किमी के रोड ने खींच दिया चुनाव का समीकरण
कालपी (जालौन)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रचार के लिये रोड शो कर कालपी प्रत्याशी तथा उरई प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को कालपी स्थित ठक्कर बापा इंटर कालेज से दुर्गा मंदिर तक गाड़ी की छत में बैठकर रोड शो किया। प्रियंका ने दो किलोमीटर के रास्ते में हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। लोगों के फूल बरसाने पर मुस्कुराईं, हाथ जोड़े और आगे बढ़ गईं। इस दौरान पुष्प वर्षा करके जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। रोड शो में भीड़ देखकर प्रियंका गांधी गदगद नजर आईं।
सोमवार को प्रियंका गांधी शाम 5 बजे कदौरा-जोल्हूपुर से होते हुये काफिले के साथ कालपी पहुंची। ठक्कर बापा इंटर कालेज के समीप वह गाड़ी की छत पर बैठ गयीं। उन्होंने अपने पास कालपी प्रत्याशी उमाकांती सिंह तथा उरई प्रत्याशी उर्मिला सोनकर को बैठाया। जिलाध्यक्ष दीपांशु समाधिया, सुरेंद्र सिंह सरसेला नगर अध्यक्ष मनोज जाटव, आदित्य नगाइच ने बुके भेंटकर स्वागत किया। काफिला नगर के मुख्य बाजार में टरननगंज चैराहा, फुलपावर चैराहा, जुलहैटी, हरीगंज होते हुये दुर्गा मंदिर पहुंचकर काफिला कानपुर की ओर रवाना हो गया।
नारेबाजी से गुंजायमान होता नहा नगर
कालपी। नगर के जिन रास्तों से प्रियंका का काफिला गुजरा, वहां छतों से पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। पूरे रास्ते लोग बैंडबाजों की धुन पर लड़की हूं..लड़ सकती हूं…गीत के बीच नारेबाजी करते रहे।
लौहपीटा परिवारों से मिल जाना हाल
कालपी। प्रियंका गांधी का काफिला जैसे ही नगर में प्रवेश किया, चंद मीटर की दूरी तय करने के बाद ही उनका काफिला अचानक लोहा पीटने वालों की झोपड़ी के सामने रुका और प्रियंका गांधी गाड़ी से उतरकर झोपड़ी में जा पहुंची। यह दृश्य देखकर लोग हक्के बक्के रह गए। उन्होंने झोपड़ी में लोहा पीटने वाली बेवा महिला राजेश्वरी के हाल-चाल पूछे व सरकार बनने के पश्चात उन्हें पक्का मकान शौचालय आदि सुविधाएं देने का वायदा किया। जिस पर बेवा महिला के चेहरे पर खुशी के आंसू नजर आए। उन्होंने प्रियंका गांधी को विजय हासिल करने का आशीर्वाद देते हुए प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।
फोटो परिचय—
कालपी में रोड शो करती प्रियंका गांधी।