कालपी (जालौन)। तीन दिनों से गायब मानसिक विक्षिप्त महिला का शव गांव के ही कुएं मे तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से महिला के शव को कुएं से बाहर निकाला।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवकली निवासी रामकुमार साहू की पत्नी गायत्री उम्र 40 वर्ष बीती 10 फरवरी को घर से गायब हो गई थी। जिसके बाद उसके घर के लोग व ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गये लेकिन उसका कहीं पर भी पता नहीं चल सका। शनिवार की देर शाम उक्त गायब महिला का शव महिला के घर के समीप कुएं मे तैरता हुआ ग्रामीणों ने देखा, तो लोग सन्न रह गये। ग्रामीणों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर सीओ राम सिंह, कोतवाल संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और गोताखोरों की मदद से महिला के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि उक्त महिला मानसिक रूप से कमजोर थी, वह अक्सर घर से चली जाती थी उसके बाद वह वापस आ जाती थी। महिला का पति राम कुमार दिल्ली में गार्ड की नौकरी करता है। महिला की दो पुत्रियां हैं, जिसमें एक की शादी हो चुकी है। वहीं एक पुत्री पूजा घर में अपनी मां गायत्री के साथ रहती थी।