अनुराग श्रीवास्तव के साथ बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन (उरई)। महिलाओं को मतदान के लिए आकर्षित करने के लिए नगर में दो स्थानों पर पिंक पोलिंग बूथ बनाए जा रहे हैं। जिसके लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इन बूथों पर रंगाई पुताई का काम शुरू कर दिया गया है।
नारी सशक्तीकरण का नारा बुलंद करने और महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के मकसद से निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा चुनाव में पिंक पोलिंग बूथ बनाए जा रहे हैं। जिनमें पहला पिंक पोलिंग बूथ तहसील परिसर में भाग संख्या 39 एवं दूसरा कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय मुरली मनोहर में बनाया जा रहा है। इन बूथों पर कार्य शुरू कर दिया गया है। जिनमें सर्वप्रथम बूथ पर पिंक कलर का पेंट कराया जा रहा है। ताकि इन बूथों को महिलाएं दूर से ही पहचान सकें। चुनाव आयोग के निर्देश पर इन पिंक बूथों की खासियत यह होगी कि इन बूथों पर पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय के साथ अन्य सभी कर्मचारी महिलाएं ही होंगी। इस संदर्भ में नायब तहसीलदार आलोक कटियार ने बताया कि नगर में बनाए जा रहे दो पिंक बूथों पर पूरी कमान महिला चुनाव कर्मियों के हाथ में ही होगी। इन बूथों पर भव्य सजावट भी की जाएगी। ताकि महिलाएं मतदान के लिए आकर्षित हो सकें।
फोटो परिचय—
पिंक पोलिंग बूथ की सजावट करता मजदूर।