जालौन

अपाचे बाइक की मांग विवाहिता की जान पर पड़ी भारी, संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के बहराई गांव में बुधवार देर रात एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान देवी (20) पत्नी सुदामा कुशवाहा के रूप में हुई है। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, घटना से पहले देवी की किसी व्यक्ति से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के बाद वह काफी तनाव में दिखाई दे रही थी। देर रात उसने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार और सीओ ने भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन पर हुई बातचीत को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

वहीं, मृतका के पिता सीताराम सौड़, निवासी निवाड़ी, ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए सास-ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब आठ महीने पहले सुदामा कुशवाहा से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में अपाचे बाइक की मांग की जा रही थी।

पिता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार परेशान किया जाता था और इसी कारण उसकी हत्या कर फांसी पर लटका दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button