
उरई(जालौन)। खेत में चलती हार्वेस्टर में लगी भीषण आग, किसान सहमे जालौन। जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रूरा मल्लू में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गेहूं की कटाई के दौरान एक चलती हुई हार्वेस्टर अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खेत में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना किसान रोहित सेंगर के खेत की है, जहां कटाई का काम चल रहा था। इसी दौरान हार्वेस्टर में अचानक आग लग गई। हालात बिगड़ते देख चालक सौरभ परिहार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मशीन से कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में हार्वेस्टर पूरी तरह जलने लगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। गौरतलब है कि इन दिनों किसान पहले ही ओलावृष्टि, आंधी-बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में आग की इस घटना ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। किसानों पर लगातार संकट, आखिर कब मिलेगी राहत



