
जालौन। जनपद के उरई नगर में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब संकट मोचन हनुमान मंदिर के समीप जिला परिषद के पास पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक दुकानों को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद दुकानदारों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
बताया जा रहा है कि अचानक हुई इस कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने मौके पर विरोध शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ते नजर आए कि कुछ लोगों द्वारा आगजनी की कोशिश की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उरई कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और हालात को काबू में करने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहीं, इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।



