
जालौन। सशक्त नारी, सशक्त भारत अभियान के तहत नगर में जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।
रैली में शामिल महिलाएं हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रही थीं, जिन पर महिला सशक्तिकरण, समान भागीदारी और अधिकारों से जुड़े संदेश अंकित थे। कार्यक्रम में मौजूद सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, जिसके माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं को केवल लाभार्थी तक सीमित न रखकर उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनाना है। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल एवं कार्यक्रम संयोजक आशा प्रजापति ने कहा कि सशक्त नारी, सशक्त भारत अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज में बराबरी का अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं। नगर पालिका चेयरपर्सन नेहा मित्तल ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस दौरान ईओ सुशील कुमार, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऊषा गुप्ता, छाया शिवहरे, अभय सिंह राजावत आदि रहे।



