
जालौन(उरई)। शराब के लिए रुपये न देने पर कुछ लोगों ने मिलकर युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घुआताल निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात वह किसी काम के चलते बाजार आया था। रात करीब नौ बजे वह बाजार से बड़ी माता मंदिर होकर वापस अपने घर जा रहा था। जब वह बड़ी माता मंदिर के पास स्थित एक कंफेक्शनरी की दुकान पर पहुंचा तभी वहां चार, पांच अन्य युवक मिल गए और उसे जबरन रास्ते में रोक लिया। इसके बाद रंगबाजी दिखाते हुए गालियां देने लगे। जब उसने गालियां देने से रोका तो शराब के लिए रुपये मांगने लगे। मना करने पर सभी ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। उसके चिल्लाने पर आसपास के लोगों को आता देख सभी वहां से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।



