
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। बीती रात करीब एक बजे फोरलेन पर हुए एक हादसे ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। उरई की ओर से आ रही एक मिनी बस देवनगर चौराहे के पास हाईवे पर खड़ी एक जेसीबी से टकराकर पलट गई। हादसे में मिनी बस चालक साजिद तोपखाना गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिनी बस के पलटने की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने साजिद को उरई रेफर कर दिया। यह दुर्घटना मुख्यमंत्री के उस आदेश की अनदेखी का परिणाम मानी जा रही है, जिसमें हाईवे पर किसी भी वाहन को खड़ा करने पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद जालौन में उरई रोड के श्रीराम गार्डन से लेकर देवनगर चौराहा, कोंच चौराहा, औरैया चौराहा और छह पुला तक मिस्त्रियों की दुकानों के बाहर दर्जनों वाहन खड़े रहते हैं। ये वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि आए दिन दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की यह लापरवाही सड़क पर चलने वाले लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है और इस पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।