बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। नगर में दशहरा मेला और रावण दहन के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। गुरूवार को उरई रोड स्थित बांके बिहारी कॉलोनी में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा।
नगर में हर वर्ष दशहरा मेला का आयोजन श्रीबाराहीं देवी मेला मैदान पर किया जाता है। दशहरा के दिन रामलीला मैदान से प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर बाराहीं देवी मेला मैदान पर पहुंचती है। जहां रावण वध की लीला का आयोजन होता है। रावण दहन के साथ ही मैदान पर आकर्षक आतिशबाजी का भी प्रदर्शन होता है। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए नगर ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों के लोग भी सैंकडों की तादाद में बाराहीं देवी मेला मैदान पर पहुंचते हैं। इस बार लगातार बारिश होने की वजह से श्रीबाराहीं देवी मेला मैदान में जलभराव है। जिसके चलते दशहरा मेला और रावण दहन के कार्यक्रम पर संशय बना हुआ था। बुधवार को रामलीला समिति और दशहरा मेला समिति के सदस्यों ने इस पर विचार किया और कार्यक्रम स्थगित न करने पर सहमति बनी। जिसके बाद दशहरा मेला और रावण दहन के लिए स्थान का चयन करने के लिए समिति के सदस्यांे ने नगर में भ्रमण किया। जिसमें उरई रोड स्थित बांके बिहारी कॉलोनी का स्थान उपयुक्त पाया गया। समिति के सदस्य गौरीश द्विवेदी ने बताया कि इस बार दशहरा मेला श्रीबाराहीं देवी मेला मैदान में न होकर उरई रोड स्थित बांके बिहारी कॉलोनी में ही होगा। गुरूवार को दोपहर दो बजे रामलीला मैदान से शोभायात्रा निकाली जाएगी जो विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए बांके बिहारी कॉलोनी कॉलोनी पहुंचेगी। जहां रावण दहन का आयोजन होगा।



