अनुराग श्रीवास्तव के साथ बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन (उरई)। एक वर्ष पूर्व ससुराल ले गए युवक को ससुरालीजन परिवार के लोगों से नहीं मिलने दे रहे हैं। पीड़ित पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर पुत्र से मिलवाने की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कछोरन निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र की लगभग 3 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। शादी के बाद पुत्र उनके साथ रह रहा था। लेकिन पुत्रवधू और उसके ससुराल के लोग संयुक्त परिवार में खुश नहीं थे। लगभग एक वर्ष पूर्व ससुराल के लोग पुत्रवधू के साथ उसके पुत्र को भी बरूआसागर के बलाट में अपने साथ ले गए। जब वह पुत्र को अपने साथ ले गए तो उसके बाद कुछ समय तक तो पुत्र से फोन पर बात होती रही। लेकिन अब वह पुत्र से फोन पर बात भी नहीं करने दे रहे हैं। जब उसे बात न करने देने का संदेह हुआ तो वह पुत्र से मिलने के लिए उसकी ससुराल गए। लेकिन वहां भी ससुराल के लोगों ने उसे पुत्र से नहीं मिलने दिया। उल्टा उसे वहां से भगा दिया। उनका लगभग 6 माह से पुत्र से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान है। पीड़ित पिता ने पुलिस से उसे उसके पुत्र से मिलवाए जाने की गुहार लगाई है। वहीं, पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।