कोंच(जालौन)। महिला सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम के तहत सोमवार को नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रूपपुरा में संगोष्ठी कर उपनिरीक्षक ने उपस्थित महिलाओं युवतियों को उनके अधिकार बताए।
थाना नदीगांव में पदस्थ उपनिरीक्षक विनीत कुमार ने इस दौरान कहा कि घरेलू हिंसा की स्थिति को छिपाने के बजाए अपने स्वजनों को जरूर बताएं। न कह पाने की स्थिति में महिला हेल्पलाइन नंबर 1076 व महिला कांस्टेबल से अपनी समस्या कहें। कही भी आते-जाते समय कोई छेड़ता हो या पीछा करता हो तो महिलाएं बेझिझक होकर हेल्पलाइन नंबर्स पर सूचना दें, त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
महिलाएं बेफिक्र होकर कहीं भी आएं-जाएं बस उनके अंदर सतर्कता, हिम्मत और जागरूकता होनी चाहिए। महिला सशक्तीकरण अभियान चलाकर महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है ताकि उनके अंदर का भय समाप्त हो। महिलाओं की सुरक्षा के लिए समाज को भी अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा। नारी कोई भी हो, सभी का सम्मान होना चाहिए। बच्चियों अथवा महिलाओं के साथ अगर किसी प्रकार की घटना होती है तो हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी देकर पुलिस से सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने हेल्पलाइन 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाईल्डलाइन आदि के बारे में भी जानकारी दी। महिला कांस्टेबल सुष्मिता पाल ने भी महिला सशक्तिकरण को लेकर जरूरी जानकारी दी।