जिलाधिकारी ने कदौरा गौशाला का किया निरीक्षण
पोषण, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश, गोवंश के समुचित देखभाल पर जोर

उरई(जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कदौरा स्थित गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौशाला में संरक्षित गोवंश की स्थिति, उनके लिए उपलब्ध चारा, पेयजल, साफ-सफाई तथा शेड की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि गोवंश को समय पर पर्याप्त एवं हरा चारा उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छ पेयजल की सतत व्यवस्था सुनिश्चित रहे।जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमित रूप से सफाई कराई जाए, बीमार गो वंशों का ससमय समुचित उपचार किया जाय जिससे पशुओं के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने परिसर में स्थापित शेड की स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने, छायादार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गर्मी के दृष्टिगत विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि गौशाला संचालन एवं गोवंश की देखभाल पूरी संवेदनशीलता के साथ की जाए। साथ ही उन्होंने समय-समय पर अधिकारियों को गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी/ अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कदौरा मनोज सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



