उरई

कदौरा मंडी में डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

टोकन प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश, तौल बढ़ाने हेतु दो अतिरिक्त धर्मकांटे बढ़ाएं

उरई(जालौन)।  कृषि उत्पादन मंडी कदौरा में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थल पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि केंद्र पर टोकन प्रणाली का प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाना आवश्यक है जिससे किसानों को अनावश्यक असुविधा का सामना ना करना पड़े । इस पर जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय खाद्य एवं विपणन अधिकारी एवं केंद्र प्रभारी को फटकार लगाते हुए कल शाम तक व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए । केंद्र प्रभारी द्वारा अवगत कराया गया कि लगभग 17 किसानों सीधे खेत से कतरायी कर मंडी में गेहूं डंप कर दिया, जिससे तौल व्यवस्था प्रभावित हो गई।जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों की टीम गठित कर डंप गेंहू के किसानो का पता लगाने और उन्हें सूचित कर टोकन वितरित कर खरीद कराए जाने के निर्देश दिए गए ।
जिलाधिकारी ने यह निर्देश दिए कि ऐसे सभी किसानों की पहचान कर उन्हें तत्काल टोकन उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी गेहूं खरीद प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी किसान को गेंहू विक्रय में कठिनाई और नुकसान न होने पाए । उन्होंने कहा कि टोकन व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से लागू की जाए, जिससे खरीद प्रक्रिया में अनुशासन बना रहे।तौल प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को २४ घंटे के भीतर मंडी में दो अतिरिक्त धर्मकांटे स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को इंतजार न करना पड़े और गेहूं की खरीद सुचारु रूप से संचालित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि किसान हितों से किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह, खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय, केंद्र प्रभारी आदि संबंधित अधिकारी व किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button