
जालौन-बगरा मार्ग पर शंभू धाम के पास तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सालाबाद सुढार क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक व्यापारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मां के साथ जा रहे थे जालौन
मिली जानकारी के अनुसार, नीरज गुप्ता पुत्र संतराम, निवासी माधवगढ़ अपनी मां के साथ किसी काम से जालौन जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार शंभू धाम के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पहले सीएचसी, फिर मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर नीरज गुप्ता को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान नीरज गुप्ता की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
चंदन कारपोरेशन के मालिक थे मृतक
बताया जा रहा है कि नीरज गुप्ता माधवगढ़ में “चंदन कारपोरेशन” के नाम से दुकान चलाते थे और क्षेत्र के जाने-माने व्यापारी थे।
इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जालौन-बागरा मार्ग पर लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।


