मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जालौन की दमदार दस्तक, प्रदेश में 08वां स्थान
डीएम ने पूरी टीम को दिया श्रेय विकास व राजस्व में निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन पर अधिकारियों को बधाई

उरई जालौन उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारते हुए जनपद ने मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर 08वां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विकास एवं राजस्व कार्यों में जनपद को लगातार श्रेष्ठ स्थान प्राप्त हुआ है, जो प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग, जवाबदेही और जन कल्याणकारी परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली का सशक्त प्रमाण है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अब आपकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन सामान्य तक पहुंचाना है लक्ष्य है । जनपद की यह सफलता मा0 मुख्यमंत्री जी माननीय प्रभारी मंत्री जी के स्पष्ट विजन, मार्गदर्शन का परिणाम है । डैशबोर्ड के माध्यम से हो रही निरंतर समीक्षा इसका प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने बताया कि जनपद में प्रत्येक योजना को लक्ष्यबद्ध तरीके से लागू किया गया तथा लंबित प्रकरणों पर सतत निगरानी रखते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से विकास कार्यों की गति, जनशिकायतों के त्वरित समाधान और राजस्व मामलों में पारदर्शिता को इस उपलब्धि का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जनपद का लक्ष्य केवल रैंकिंग प्राप्त करना नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, विकास विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व विभाग के सभी कार्मिकों के प्रति कहा कि जनपद का यह प्रदर्शन टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आप सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे वर्ष भर विकास एवं राजस्व कार्यों में प्रदेश स्तर पर टॉप वन, टॉप फाइव और टॉप टेन में रहकर जनपद को निरंतर श्रेष्ठ स्थान दिलाया है। इस उपलब्धि के वास्तविक हकदार आप सभी हैं। आप सभी को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि आगे भी इसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग को और बेहतर बनाने हेतु ठोस रणनीति अपनाई जाएगी, ताकि जालौन प्रदेश में उत्कृष्ट प्रशासनिक मॉडल के रूप में स्थापित हो सके।


