अंतिम मतदाता सूची जारी, कलेक्ट्रेट में राजनैतिक दलों के साथ बैठक 1,13,1,999 मतदाताओं की सूची में शामिल, 50,803 नए नाम जुड़े, 4,305 नाम विलोपित—पारदर्शी पुनरीक्षण पर प्रशासन का रहा जोर

उरई जालौन विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन दिनांक 10 अप्रैल 2026 को कर दिया गया। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार कुल 1131999 पंजीकृत हैं, जिनमें 624126 पुरुष मतदाता, 507824 महिला मतदाता एवं 49 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में 219-माधौगढ़ में 3,96,304 मतदाता, 220-कालपी में 3,60,476 मतदाता तथा 221-उरई (अ०जा०) में 3,75,219 मतदाता दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के दौरान 50,803 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया, जबकि 4,305 अपात्र प्रविष्टियों को विलोपित किया गया। विलोपित नामों में 596 मृतक, 2,340 अनुपस्थित/स्थानांतरित, 526 डुप्लीकेट तथा 843 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 11,391 प्रविष्टियों में संशोधन भी किया गया, जिससे सूची को और अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाया गया है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अवधि के दौरान शिकायत निस्तारण की व्यवस्था भी प्रभावी रही। NGSP पोर्टल पर कुल 628 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निस्तारण संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा समयबद्ध रूप से किया गया। इसके साथ ही बीएलओ स्तर पर 6,615 फील्ड वेरिफिकेशन कॉल्स प्राप्त हुईं, जबकि डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर पर 966 कॉल्स प्राप्त हुईं, जिनका समाधान संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सुनिश्चित किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान जनपद एवं विधानसभा स्तर पर कुल 24 बैठकें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित की गईं, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित हुई।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही जानकारी दी गई कि जनसामान्य भी जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट के माध्यम से मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी से अभय प्रताप सिंह, समाजवादी पार्टी से जमालुद्दीन, बसपा से भगवतीशरण पांचाल, आप पार्टी से विनय चौरसिया, कोंग्रेस से राजकुमार वर्मा, सीपीआईएम से विनोद कुमार नगरिया, अपना दल एस से अनिल कुमार सहित आदि जनप्रतिनिधि व सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

